अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कड़े शब्दों में कहा है कि वह चीन की व्यावसायिक और मौद्रिक नीतियों से तंग आ गए हैं. एशिया प्रशांत देशों की बैठक में ओबामा ने चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ से मुलाकात के बाद यह कहा. ओबामा ने एशिया पैसिफिक देशों की शिखर वार्ता के अंतिम दिन संवाददाता सम्मेलन में कहा, बहुत हुआ. हम इसी मुद्दे पर कायम रहेंगे कि चीन भी दूसरों की तरह ही नियमों पर चले. हम नहीं चाहते कि वह अमेरिका का फायदा उठाए. ओबामा ने चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ से मुलाकात के बाद कड़े शब्दों में कहा कि चीन को अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रणाली से खेलना बंद कर देना चाहिए और अमेरिका सहित दूसरे देशों के लिए व्यापार का एक स्तर बनाना चाहिए. चीन की अभी तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं आई है. चीन अपनी मुद्रा युआन के मुक्त व्यापार के लिए और व्यापार में अपने भारी फायदे को कम करने के प्रस्ताव को हमेशा से ठुकराता रहा है. ओबामा का यह बयान अपने देश के व्यापार को ध्यान में रख कर दिया. अमेरिका में अगले साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव हैं. |